डरहम के खिलाफ शॉट लगाते शतकवीर डॉम सिबली
Cricket News Today: इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में सोमवार (30 जून) को एक ऐतिहासिक और रोमांचक नजारा देखने को मिला. सरे (Surrey) की टीम ने डरहम के खिलाफ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपनी पहली पारी 820/9 के स्कोर पर घोषित कर दी. यह स्कोर सरे के 180 साल पुराने इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है, जो क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं रहा.
ओवल मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में सरे की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और दो दिन तक बैटिंग करते हुए डरहम के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. इस पारी की सबसे बड़ी खासियत रही डॉम सिबली का 305 रनों का शानदार तिहरा शतक, जो उन्होंने 475 गेंदों में लगभग 10 घंटे तक क्रीज पर टिककर बनाया.
126 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
सरे की टीम के लिए यह कई मायनों में ऐतिहासिक रहा. डैन लॉरेंस ने 178 रन, सैम करन ने 108 रन और विल जैक्स ने 119 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली. कप्तान रोरी बर्न्स भी 55 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में सफल रहे. इस तरह सरे की टीम ने 820 रन बनाकर 126 साल पुराना अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. पिछला रिकॉर्ड 811 रन का था, जो 1890 के दशक में समरसेट के खिलाफ बनाया गया था.
डरहम के गेंदबाजों की हालत खराब रही. टीम ने सात गेंदबाज आजमाए लेकिन कोई भी ज्यादा असर नहीं दिखा सका. एक गेंदबाज ने तो अकेले 247 रन खर्च कर दिए और तीन गेंदबाजों ने 100 से ज्यादा रन लुटाए. हालांकि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 820 से अधिक रन पहले भी बने हैं, लेकिन सरे के लिए यह पारी एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जो टीम के गौरवशाली इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है.
क्या है काउंटी क्रिकेट?
काउंटी क्रिकेट इंग्लैंड और वेल्स में खेली जाने वाली पेशेवर घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता है. इसमें अलग-अलग काउंटी (जिलों) की टीमें हिस्सा लेती हैं. यह फर्स्ट क्लास स्तर की क्रिकेट होती है, जिसमें टेस्ट खिलाड़ियों समेत अनुभवी और युवा खिलाड़ी भाग लेते हैं. इसे इंग्लैंड क्रिकेट का आधार माना जाता है. यह भारत की रणजी ट्राफी की या अन्य दूसरी घरेलू लीग की तरह ही है.
मिचेल मार्श (फाइल फोटो)
Aus Team again India: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने भारत के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. वनडे सीरीज के तीनों मैच और टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालेंगे. वहीं, चोट से उबर रहे पैट कमिंस को आराम देने का निर्णय लिया गया है.
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में कई नए और अनुभवी खिलाड़ियों को मौका मिला है. जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शिस, ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क और एडम जांपा जैसे खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं. वहीं, आरोन हार्डी, मार्नस लाबुशेन और मैथ्यू कुहनेमन को वनडे टीम से बाहर रखा गया है.
टी20 टीम में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे. शेफील्ड शील्ड मैच के चलते विकेटकीपर एलेक्स कैरी शुरुआती टी20 मुकाबलों में नहीं खेल सकेंगे. इसके अलावा कलाई में फ्रैक्चर के कारण ग्लेन मैक्सवेल को भी टीम में जगह नहीं मिली है.
ऑस्ट्रेलिया ने वनडे विश्व कप 2027 को ध्यान में रखते हुए मिडिल ऑर्डर को मजबूत बनाने के लिए मैथ्यू रेनशॉ और मिचेल ओवेन को टीम में शामिल किया है. चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली के अनुसार, टी20 टीम को वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से बनाए रखा गया है, जबकि कुछ खिलाड़ी एशेज सीरीज और शेफील्ड शील्ड में खेलेंगे. इसी कारण कैमरून ग्रीन को टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 19 से 25 अक्टूबर के बीच पर्थ, एडिलेड और सिडनी में तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेंगी. इसके बाद पांच टी20 मुकाबले 29 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच कैनबरा, मेलबर्न, होबार्ट, गोल्ड कोस्ट और ब्रिस्बेन में खेले जाएंगे.
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मिचेल ओवेन, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा.
पहले दो टी20 मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुहनेमन, मिचेल ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा.
पारी के दौरान शॉट लगाते एविन लुइस (बाएं) और हसन तलत (दाएं))
Pakistan West Indies ODI Cricket Match: डेब्यू मैच खेल रहे हसन नवाज और सिर्फ अपना दूसरा वनडे खेल रहे हुसैन तलात ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पाकिस्तान को मुश्किल हालात से निकालकर 5 विकेट से यादगार जीत दिला दी. दोनों ने नाबाद 104 रन की साझेदारी कर टीम को 281 रन का लक्ष्य 7 गेंदें शेष रहते हासिल करा दिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाई.
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन अर्धशतकों की मदद से 280 रन बनाए. पारी की शुरुआत में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह असरदार नहीं रहे, लेकिन मिडल ओवर में स्पिनरों ने रनगति पर ब्रेक लगा दिया. साइम अय्यूब, सलमान अली आगा और सुफियान मुकीम ने लगातार विकेट झटके और रन रेट पांच के नीचे खींच लिया.
शाहीन- नसीम ने बिगाड़ा खेल
एविन लुईस (60) और केसी कार्टी ने पावरप्ले में टीम को मजबूत शुरुआत दी, लेकिन 60 रन बनाकर लुईस साइम अय्यूब की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में शाहीन शाह अफरीदी को कैच थमा बैठे. शाई होप (55) और रॉस्टन चेज (53) ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े, मगर रनगति धीमी रही.
वेस्टइंडीज के इनिंग में जैसे ही 34वें ओवर के बाद गेंद रिवर्स स्विंग होने लगी, पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने मैच अपने कब्जे में ले लिया. शाहीन और नसीम ने आखिरी ओवरों में सटीक यॉर्कर डालकर वेस्टइंडीज के निचले क्रम को समेट दिया. नसीम ने तीन और शाहीन ने चार विकेट लिए, जिससे मेजबान टीम 49वें ओवर में 280 रन पर ऑलआउट हो गई.
पाकिस्तान की पारी में उतार-चढ़ाव
281 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को साइम अय्यूब के रूप में जल्दी झटका लगा, जिन्हें जेयडन सील्स ने आउट किया. बाबर आजम (47) और अब्दुल्ला शफीक ने पारी को संभाला, लेकिन शफीक थोड़ी धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए. बाबर भी अर्धशतक से तीन रन पहले गुडकेश मोती की गेंद पर आउट हुए.
मोहम्मद रिजवान (53) ने रन गति बढ़ाने की कोशिश की, मगर शमार जोसेफ की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए. इस समय पाकिस्तान का स्कोर 180/5 था और टीम को 101 रन चाहिए थे, जबकि क्रीज पर नए खिलाड़ी हसन नवाज और हुसैन तलात थे.
नवाज-तलात ने बदल दिया मैच का रुख
हसन नवाज ने शुरुआत में 12 गेंदों पर सिर्फ 3 रन बनाए और उन्हें दो जीवनदान भी मिले. वहीं हुसैन तलात ने 39वें ओवर में रॉस्टन चेज़ पर दो चौके जड़े और फिर 41वें ओवर में जोसेफ के ओवर से 17 रन बटोरे, जिसमें 5 वाइड शामिल थे. इससे आवश्यक रन रेट घटकर 7 के करीब आ गई.
46वें ओवर में हसन को मोती ने आसान कैच छोड़कर वेस्टइंडीज की मुश्किल बढ़ा दी. तलात ने अगले ओवर में 15 रन ठोककर जीत का रास्ता साफ कर दिया. अंत में नवाज ने नाबाद 63 और तलात ने नाबाद 41 रन बनाकर टीम को 5 विकेट से जीत दिलाई. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली और दोनों युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से टीम प्रबंधन का भरोसा जीत लिया.
देश दुनिया की लेटेस्ट खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें https://bindaasboldilse.com/
अफगानिस्ता को हराकर श्रीलंका की पहुंची सेमीफाइन में
SL AFG Match in Asia Cup: एशिया कप 2025 के ग्रुप-बी के आखिरी मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. गुरुवार (18 सितंबर) को अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया. इस जीत के हीरो रहे श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज कुसाल मेंडिस, जिन्होंने नाबाद अर्धशतक ठोका, जबकि गेंदबाजी में तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी.
अफगानिस्तान की लड़खड़ाती शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने मात्र 79 रन पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे. रहमानुल्लाह गुरबाज 14, सेदिकुल्लाह अटल 18, इब्राहिम जादरान 24 और अजमतुल्ला उमरजई सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. दरवेश रसूली ने 9 रन का योगदान दिया.
इस मुश्किल वक्त में कप्तान मोहम्मद नबी और स्टार ऑलराउंडर राशिद खान ने सातवें विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की. राशिद खान 23 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए, तब स्कोर 114/7 था. इसके बाद नबी ने अकेले दम पर पारी का रुख बदलने की कोशिश की.
नबी की आतिशी पारी
पारी के आखिरी ओवर में अफगानिस्तान के फैंस ने जो देखा, वह यादगार रहा. 19वें ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 137/7 था, लेकिन 20वें ओवर में नबी ने श्रीलंकाई गेंदबाज डुनिथ वेल्लालेग की धुनाई कर दी. उन्होंने इस ओवर में लगातार 5 छक्के जड़े और आखिरी गेंद पर रन आउट होने से पहले 22 गेंदों पर 60 रन की विस्फोटक पारी खेली. नबी की इस पारी में 6 छक्के और 3 चौके शामिल रहे. अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 169 रन बनाए.
श्रीलंका की घातक गेंदबाजी
श्रीलंका के 31 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए. उनके शिकार बने रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, गुलबदीन नईब और राशिद खान. इसके अलावा डुनिथ वेल्लालेग, नूर अहमद और उमरजई ने भी एक-एक सफलता हासिल की.
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. स्कोर 22 पर ही पाथुम निसांका आउट हो गए. हालांकि, इसके बाद कुसाल मेंडिस ने जिम्मेदारी संभाली और एक छोर पर डटे रहे. उन्होंने 52 गेंदों पर 74 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल थे.
कुसाल परेरा (28 रन), चरिथ असालंका (17 रन) और कामिंदु मेंडिस (26 रन) ने भी उपयोगी पारियां खेलकर जीत आसान बना दी. श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 171 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
अफगानिस्तान के गेंदबाज नाकाम
अफगानिस्तान की पहचान उनकी स्पिन गेंदबाजी है, लेकिन इस मैच में उनके दिग्गज गेंदबाज विकेट नहीं निकाल सके. राशिद खान ने 4 ओवर में 23 रन दिए लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. मोहम्मद नबी ने 3 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट लिया. वहीं नूर अहमद, उमरजई और मुजीब उर रहमान को 1-1 विकेट जरूर मिला.
श्रीलंका ने इस जीत के साथ ग्रुप-बी में अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि हार के साथ अफगानिस्तान का एशिया कप 2025 का सफर यहीं समाप्त हो गया. कुसाल मेंडिस की शानदार बल्लेबाजी और नुवान तुषारा की घातक गेंदबाजी ने श्रीलंका को जीत दिलाई और टीम को टूर्नामेंट के अगले चरण में पहुंचा दिया. इस जीत के साथ ही श्रीलंका और बांग्लादेश का ग्रुप बी से सेमीफाइन का टिकट कंफर्म हो गया है.
यह भी पढ़ें: भारत को झटका! ट्रंप ने पाकिस्तान-चीन की कतार में खड़ा किया, दोस्ती पर उठे सवाल